Bihar

गोदाम में छिपाकर रखा 143 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार,जानिए कहां का है मामला

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

कैमूर (KAIMUR)  : कैमूर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्गावती थाना क्षेत्र के मधुरा गांव स्थित एक गोदाम से 143.04 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 71 लाख रुपये बताई जा रही है. इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया था

दुर्गावती थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में मोहनियां के प्रभारी डीएसपी दयानंदन कुमार ने बताया कि 6 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुरा गांव में अशोक सिंह के गोदाम में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.

28 बंडलों में रखा 143.04 किलोग्राम गांजा बरामद

दंडाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी दुर्गावती अभिषेक कुमार की मौजूदगी में पुलिस ने गोदाम की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान गोदाम से 28 बंडलों में रखा कुल 143.04 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से गोदाम मालिक अशोक सिंह, पिता स्वर्गीय फौजदार सिंह, निवासी मधुरा, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर को गिरफ्तार कर लिया.

तस्करी के पीछे एक बड़े नेटवर्क की आशंका

प्रभारी डीएसपी दयानंदन कुमार ने बताया कि इस मामले में दुर्गावती थाना कांड संख्या 325/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में इस तस्करी के पीछे एक बड़े नेटवर्क की आशंका सामने आई है. पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

उन्होंने स्पष्ट किया कि कैमूर पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

TagsBihar