News

बीवी के चरित्र पर शक ने पति को बनाया हैवान! पत्नी का मुंडवाया सिर, चेहरे पर पोती कालिख, फिर पिलाया पेशाब...

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
बीवी के चरित्र पर शक ने पति को बनाया हैवान! पत्नी का मुंडवाया सिर, चेहरे पर पोती कालिख, फिर पिलाया पेशाब...

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): शादी, किसी लड़की के जीवन का सबसे खूबसूरत पहलू होता है. पर क्या हो जब वही शादी एक भयानक सपने में बदल जाए. क्या हो जब सात जन्म की कसमें खाने वाला पति ही जान का दुश्मन बन जाए और हैवानियत की सारी हदें पार कर दे. सुनकर बेशक अजीब लगा होगा पर यह कोई कहानी नहीं बल्कि हकीकत है. यह मामला जुड़ा है छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से जहां इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना ने सबके मन में कई सवाल खड़े कर दिए है. यहाँ एक सरकारी वाहन चालक पर अपनी पत्नी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार करने का आरोप लगा है. मामला कोरिया जिले के पंडोपारा क्षेत्र के काटकोना गांव का है, जहां पारिवारिक विवाद और चरित्र पर संदेह ने एक पति को इस कदर क्रूर बना दिया कि उसने अपनी पत्नी को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2006 में प्रेम विवाह करने वाले इस दंपति के बीच पिछले कुछ समय से संबंध तनावपूर्ण चल रहे थे. बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था. इसी विवाद ने एक दिन भयावह रूप ले लिया. आरोप है कि गुस्से में पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसके सिर के बाल काटकर जबरन मुंडन कर दिया. इतना ही नहीं, उसने महिला के चेहरे पर कालिख पोतकर उसे अपमानित करने की कोशिश की. पीड़िता का आरोप है कि शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के दौरान उसके साथ कई अमानवीय कृत्य किए गए, जहां उसने पत्नी को अपने बच्चों और खुद का पेशाब पिलाया, जिससे उसकी गरिमा और आत्मसम्मान को गहरी ठेस पहुंची.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के दौरान दंपति के चारों बच्चे भी मौके पर मौजूद थे. दो बेटे और दो बेटियों के सामने हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और इस बार उसके साथ की गई क्रूरता ने उसकी जान तक खतरे में डाल दी.

मामले में आरोपी पति एक सरकारी विभाग में वाहन चालक के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिछले करीब एक वर्ष से पति-पत्नी अलग-अलग रह रहे थे. आरोपी का कहना है कि उसे पत्नी के अन्य लोगों के साथ संबंध होने का संदेह था, जिसकी वजह से विवाद बढ़ा. हालांकि महिला ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और पति लगातार उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. वहीं इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पीड़िता के आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.