News

लत या सनक! घरवालों ने PUBG खेलने से किया मना तो युवक ने मां-बहन और पिता के साथ कर दिया ऐसा खौफनाक कांड....

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
लत या सनक! घरवालों ने PUBG खेलने से किया मना तो युवक ने मां-बहन और पिता के साथ कर दिया ऐसा खौफनाक कांड....

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आज स्मार्टफोन ने सभी के काम को आसान बना दिया है, लेकिन फोन की वजह से आज बच्चे बिगड़ भी रहे हैं. एक तरफ जहां ऑनलाइन गेमिंग की वजह से बच्चे पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, तो वहीं ऑनलाइन गेम खेलने की लत भी खतरनाक साबित हो रही है. बच्चे गेम खेलने से मना करने पर इतने आक्रामक हो जा रहे हैं कि बड़े-बड़े अपराधों को अंजाम दे रहे है. ऐसा ही एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां PUBG खेलने से मना करने पर एक लड़के ने अपने माता-पिता और बहन पर जानलेवा हमला किया है, जिसमें बहन और पिता की मौत हो गई है, तो वहीं मां जिंदगी और मौत से लड़ रही है. वहीं, घटना के बाद उसने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की.

पढ़िये कहां का है मामला

आपको बता दें कि यह खौफनाक मामला कर्नाटक के कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के अयोध्या गांव से सामने आया है. जहां ऑनलाइन गेम की खराब लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है. मिली जानकारी के मुताबिक 17 साल का किशोर ऑनलाइन गेमिंग का आदी था. जब भी घर वाले उसे खेलने से मना करते थे, तो वह आक्रामक हो जाता था. वारदात वाले दिन भी कुछ ऐसा ही हुआ था. वह अपने पिता से पैसे मांग रहा था, जिसे देने से उसके पिता ने इंकार कर दिया. जानकारी के मुताबिक पूरा परिवार ने एक साथ खाना खाया, उसके बाद सोने चले गए. उसके बाद अचानक तेज चिल्लाने की आवाज आई. 

जिसके बाद नाबालिग के दादा थाटा राव ने जब दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को आवाज लगाई. जब पड़ोसी पहुंचे, तो नजारा देखकर हैरान रह गए. जहां चार लोग खून से लथपथ पड़े थे. हालांकि नाबालिग युवक ने खुद को मारने की कोशिश की, लेकिन उसे ज्यादा चोट नहीं आई थी.

फ़िलहाल युवक और उसकी मां का इलाज चल रहा है

मरने वालों की पहचान 45 वर्षीय वेंकट नायडू और उनकी 19 वर्षीय बेटी प्रगति के रूप में हुई है. वेंकट नायडू एक प्राइवेट स्कूल में सुपरवाइजर के तौर पर काम करते थे. वहीं, वेंकट नायडू की 38 वर्षीय पत्नी सौजन्या हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. नाबालिग आरोपी का भी फिलहाल इलाज जारी है.