सरायकेला ( SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत समस्याओं को लेकर शुक्रवार को लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया. झारखंड युवा मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में पानी, सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. धरना स्थल पर महिलाओं की मौजूदगी खास आकर्षण का केंद्र रही. कई महिलाएं सिर पर पानी से भरे घड़े लेकर पहुंचीं और क्षेत्र में पेयजल संकट का प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया. वहीं कई ग्रामीण और स्थानीय लोग बैलगाड़ी पर सवार होकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. धरना के बाद अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया.
लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव
धरना का नेतृत्व कर रहे झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन ने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की जनता लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन कर रही है. नगर निगम के गठन के बाद से कई बार विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन धरातल पर स्थिति में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ. आज भी कई मोहल्लों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं है, नालियां जाम हैं, सड़कों की हालत खराब है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. चुनाव के समय जनता से विकास और सुविधाओं के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही जनसमस्याएं भुला दी जाती हैं. इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. डब्बा सोरेन ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
शिकायत के बाद भी समस्याएं बरकरार
धरना में शामिल स्थानीय लोगों ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं. प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की मांग की. इस दौरान कई पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता भी धरना में मौजूद रहे. भीषण गर्मी ने भी लोग अपनी मांगों को लेकर एकजुट दिखें. झामुमो का यह धरना प्रदर्शन क्षेत्र की विभिन्न समस्या, स्थानीय मेयर और विधायक के खिलाफ था.