गिरिडीह(GIRIDHI): जिले के सरिया थाना क्षेत्र के गड़ैया गांव में सोमवार को जंगल से भटका एक जंगली हाथी अचानक आ धमका और इलाके में जमकर उत्पात मचाया. उसके बाद एक 25 वर्षीय युवक को कुचलकर मार डाला. बताया जा रहा है कि युवक जंगल में बांस काटने गया था, तभी हाथी से उसका सामना हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों में कैद हो गए. वन विभाग की टीम को सूचना दे दी गई है और इलाके में निगरानी बढ़ाई गई है.
मृतक युवक की पहचान गड़ैया गांव निवासी कौसर अंसारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि कौसर अंसारी सोमवार सुबह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित जंगल की ओर बांस काटने गया था. गांव और जंगल सटे होने के कारण वह सामान्य रूप से वहां पहुंचा था. लेकिन कुछ ही देर बाद स्थिति अचानक बदल गई
जंगल में मौजूद झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी अचानक वहां आ धमका और युवक पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि हाथी बेहद आक्रामक हो गया और कौसर को भागने या खुद को बचाने का कोई मौका नहीं मिला. हाथी ने उसे बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए. सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. टीम ने इलाके में हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
इस दर्दनाक घटना ने पूरे गड़ैया गांव को झकझोर कर रख दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में वन्यजीवों के लगातार बढ़ते खतरे को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है. वन विभाग मामले की जांच में जुट गया है और हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर वापस भेजने की कोशिश की जा रही है.