सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में हुए चर्चित बाया सरदार हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस जांच में मृतक की पत्नी ही हत्या की साजिशकर्ता निकली.पत्नी ने अपने भाई और अन्य परिजनों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
सरायकेला बाया सरदार हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा
चर्चित बाया सरदार हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ समीर सवैया ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि बाया सरदार की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी पत्नी सुनीता सरदार ने अपने परिजनों के साथ मिलकर कराई थी.पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी सुनीता सरदार, उसके भाई सोमा मुंडा उर्फ लुबू मुंडा, बीर सिंह मुंडा और बिरा मुंडा को गिरफ्तार किया.
पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के कारण हत्या
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के कारण हत्या की साजिश रची गई थी.पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना फरसा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए है.जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोमा मुंडा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. वह वर्ष 2019 में कुचाई थाना क्षेत्र के आर्म्स एक्ट और यूएपीए जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है.इस मामले के खुलासे में खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार और तकनीकी शाखा की अहम भूमिका रही.पुलिस प्रशासन ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल