धनबाद(DHANBAD): झरिया के लोग चिल्ला रहे हैं कि इस भीषण गर्मी में पानी दो- बिजली दो. कोयलांचल का झरिया एक ऐसा इलाका है, जहां पानी की समस्या लाइलाज बीमारी बनती जा रही है . फिलहाल झरिया से रागिनी सिंह विधायक हैं. उनका कहना है कि जनता की समस्या ही मेरी प्राथमिकता है. बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द बिजली एवं जलापूर्ति बहाल कर लोगों को राहत पहुंचा जाए, मैं स्वयं लगातार मॉनीटरिंग कर रही हूं, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो.
सड़क पर उतरीं विधायक रागनि सिंह
विधायक अब समाधान के लिए सड़क पर उतर गई हैं. डिगवाडीह बिजली सब स्टेशन का 10 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब होने से भौरा, जामाडोबा, भागा, डिगवाडीह एवं फूसबंगला समेत बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. विधायक रागिनी सिंह ने तुरंत बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने बताया कि वैकल्पिक ट्रांसफार्मर हर्ल सिंदरी में उपलब्ध है. इसके बाद विधायक ने स्वयं पहल करते हुए हर्ल प्रबंधन से वार्ता की तथा बिजली विभाग को शीघ्र ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की व्यवस्था करवाई, ताकि जल्द से जल्द क्षेत्र में बिजली बहाल की जा सके.
30 इंच की पाइपलाइन फटने से बढ़ी और परेशानी
इधर, जामाडोबा पटिया बस्ती स्थित दामोदर प्लांट के सामने 30 इंच की पाइपलाइन फटने से झरिया शहर सहित कई इलाकों की जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई. विभाग द्वारा पाइपलाइन की वेल्डिंग एवं ढलाई का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि लाइन को पूरी तरह सूखने में लगभग 12 घंटे का समय लगने की बात कही गई है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार सब कुछ सामान्य रहने पर सोमवार तक जलापूर्ति बहाल होने की संभावना है.