लोहरदगा(LOHARDAGA): जिले के सदर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. तेज रफ्तार टाटा सफारी अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए.
यह हादसा पुलिस अधीक्षक आवास और उपविकास आयुक्त आवास के समीप हुआ. दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने खालारी निवासी प्रमोद कुमार सिंह उर्फ चंपा को मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में घायल अन्य पांच युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र के पंडरा गांव निवासी आजसू नेता लाल गुड्डू नाथ शाहदेव और जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी के पुत्र विराट शाहदेव अपने दोस्तों के साथ कड़ाक गांव में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया. घायलों में विराट शाहदेव, सम्राट शाहदेव, विकेश सिंह और उत्तम सिंह शामिल हैं. सभी की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज रांची में जारी है. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. शादी समारोह से लौट रहे दोस्तों का सफर एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म छोड़ गया.