TNP DESK: झारखंड में मौसम का मिजाज अगले 3 घंटे में बदल सकता है. मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के अनुसार राज्य के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है. रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका और आसपास के इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
कई दिनों से तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं. अचानक बादल छाने और बारिश होने से तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे मौसम सुहाना होने की उम्मीद है. हालांकि मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों से कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें.
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि कुछ इलाकों में तेज गर्जना के साथ अचानक बारिश शुरू हो सकती है. खासकर शाम के समय मौसम तेजी से बदलने के संकेत हैं. ऐसे में किसानों, यात्रियों और खुले में काम करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. बारिश की वजह से गर्म हवाओं का असर कम होगा और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.