रांची (RANCHI): झारखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है और हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं. रविवार दोपहर में अचानक तेज गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए राज्य में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है.
पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवातीय परिसंचरण तथा विभिन्न राज्यों से गुजर रही ट्रफ लाइन के प्रभाव के कारण झारखंड में मौसम अस्थिर बना हुआ है. इसका असर अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 13 से 16 मई के बीच कई जिलों में वज्रपात, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तापमान और बारिश में काफी अंतर देखा गया. बोकारो थर्मल में सबसे अधिक 21.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे वहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली. वहीं, डाल्टनगंज सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
न्यूनतम तापमान के मामले में रांची के कांके क्षेत्र में सबसे कम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक का अहसास हुआ. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 10 मई से ही राज्य के कई हिस्सों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलना शुरू हो सकती हैं. 11 मई को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में आंधी और बिजली गिरने की संभावना है.
13 और 14 मई को मौसम सबसे ज्यादा गंभीर रहने की आशंका है, खासकर रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, गुमला और खूंटी जैसे मध्य झारखंड के जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा दुमका, देवघर और जामताड़ा में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा.
15 और 16 मई को साहेबगंज, पाकुड़ और गिरिडीह समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है. प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.