टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड के अलग-अलग जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. स्थिति यह है कि राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि कुछ स्थानों पर पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है.तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और जनजीवन प्रभावित हो गया है.
आज से 28 अप्रैल तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज
इसी बीच मौसम विभाग ने राहत भरी जानकारी दी है. विभाग के अनुसार 26 अप्रैल यानी आज से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है साथ ही वज्रपात और तेज आंधी-तूफान की भी आशंका है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन जिलों के लोग रहे सावधान
मौसम विभाग ने देवघर, दुमका, गिरिडीह, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा और साहेबगंज सहित रांची, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग और धनबाद जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.इन इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है. ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि आंधी-तूफान या वज्रपात के समय घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें.
गरज के साथ बारिश की संभावना
पूर्वानुमान के अनुसार 26 अप्रैल से 28 अप्रैल तक झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. इस दौरान कई जिलों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि और वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है.रांची, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने उम्मीद है.मौसम विभाग ने 27 और 28 अप्रैल के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. ऐसे में प्रशासन ने भी लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस की संभावना है.जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहसकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री,जबकि देवघर में अधिकतम 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस,तो वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.वहीं मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री जा सकता है.