रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है. राज्यभर में 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. इस दौरान मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें सत्यापित करने के बाद दोबारा संग्रहित किया जाएगा.
इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अब तक राज्य के लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग बीएलओ द्वारा पिछले पुनरीक्षण के आधार पर पूरी कर ली गई है. उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की अब तक मैपिंग नहीं हो पाई है, उनकी सूची 23 मई 2026 से सभी मतदान केंद्रों पर सार्वजनिक की जाएगी. इसके साथ ही संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर भी वहां उपलब्ध रहेगा, ताकि मतदाता सीधे संपर्क कर अपनी जानकारी अपडेट करा सकें.
निर्वाचन विभाग के अनुसार, बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर स्टीकर लगाने का काम भी किया गया है. इन स्टीकरों पर संबंधित बीएलओ का नाम और संपर्क नंबर दर्ज है, जिससे लोगों को पहचान और संपर्क में आसानी हो सके. इसके अलावा आयोग ने तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाते हुए ECINET प्लेटफॉर्म पर “बुक ए कॉल” फीचर भी उपलब्ध कराया है. इस सुविधा के जरिए मतदाता ऑनलाइन माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे और जरूरी जानकारी प्राप्त कर पाएंगे. निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और हर योग्य नागरिक का नाम सूची में सुनिश्चित करना है, ताकि आगामी चुनावों में किसी भी मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े.