जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष के साथ मारपीट का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है. उन्होंने जिले के डीसी और एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है. कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आत्मदाह करेंगे. मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र का है. 11 फरवरी को जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह के साथ बर्मामाइंस पार्किंग क्षेत्र में मारपीट हुई थी. इसका वीडियो भी वायरल हुआ था. पीड़ित का आरोप है कि केस करने के बाद भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है.
27 को करेंगे भूख हड़ताल
डीसी और एसएसपी के नाम आवेदन सौंप जय किशोर सिंह ने कहा कि अगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे. इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो आत्मदाह करेंगे. उन्होंने कहा गया है कि घटना को दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. आरोप लगाया कि अनुसंधान पदाधिकारी की लापरवाही के कारण अभियुक्त खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उनका मनोबल लगातार बढ़ रहा है.
नियमों की अनदेखी
कहा कि मामले की जांच प्रक्रिया ने नियमों की अनदेखी की जा रही है. बिना गवाहों के बयान दर्ज किए केस डायरी में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है. उन्होंने इसे अपने साथ अन्याय और मानसिक प्रताड़ना बताया है. उन्होंने आशंका जताई गई है कि आरोपी भविष्य में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते हैं. एसोसिएशन अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.