जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर से सटे कपाली में मवेशियों की तस्करी को लेकर शनिवार की रात जमकर बवाल हुआ. गौरक्षा वाहिनी के सदस्यों ने मवेशियों की तस्करी की आशंका में एक मालवाहक वाहन को पकड़ लिया. कपाली के कमारगोड़ा हरि मंदिर के पास लोगों ने वाहन को घेर लिया. वाहन के अंदर बड़ी संख्या में गायों को बेहद क्रूरता पूर्वक रखा गया था. इसके देखते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. चालक को पकड़ लिया गया. इसके बाद लोगों ने मवेशियों को वाहन से बाहर निकाला. कई मवेशी घायल अवस्था में मिले जबकि लोगों के अनुसार एक मवेशी को मौत हो गई. हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया. वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया. जबकि मवेशियों को गौशाला भेजा गया.
चालक के मोबाइल से दी धमकी
वाहन को पकड़ने वाले लोगों ने बताया कि जब चालक को पकड़ा गया उसी वक्त उसके मोबाइल पर एक कॉल आया. काल रिसीव करने पर जान से मारने की धमकी दी गई. लोगों का आरोप था कि कमारगोड़ा के रास्ते प्रतिदिन मवेशियों की तस्करी होती है. शनिवार रात भी इसकी सूचना पर लोग कामारगोड़ा में जुटे. इसी दौरान वाहन संख्या JH05CN 9716 को देखकर शक हुआ. इसके बाद वाहन को घेर लिया गया. गाड़ी खोलने पर अंदर ठूंस-ठूंस कर मवेशियों भरे पाए गए. स्थानीय लोग भी भारी संख्या में मौके पर जुटे. पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है.
1 मई को कार से बरामद हुए थे मवेशी
कपाली में ही 1 मई को एक महिंद्रा XUV कार से पुलिस ने 6 मवेशियों को बरामद किया था. कमरगोड़ा चौक के पास एंटी-क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली थी. कार में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक रखा गया था. हालांकि चालक मौके से भाग निकला था. स्थानीय लोगों के अनुसार कपाली में मवेशियों की तस्करी लगातार हो रही है लेकिन पुलिस इसपर रोक नहीं लगा पा रही है. लोगों ने कपाली पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं.