धनबाद (DHANBAD): जिले में कोयला चोरी के मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है. रविवार को जिला आजसू पार्टी की ओर से एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. बैठक में हाल के दिनों में कोयला चोरी के विरोध को लेकर उत्पन्न विवाद, पुलिस कार्रवाई और पार्टी कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक का मुख्य केंद्र आजसू नेत्री रजनी रवानी द्वारा कोयला चोरी के खिलाफ थाना में दिए गए आवेदन के बाद की घटनाएं रहीं. पार्टी नेताओं का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद कोयला तस्करों ने रजनी रवानी और अन्य आजसू कार्यकर्ताओं पर हमला किया. इस दौरान हुई हिंसक घटना में एक निर्दोष व्यक्ति की मौत भी हो गई. नेताओं ने कहा कि घटना के बाद दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उल्टा आजसू कार्यकर्ताओं को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
आजसू पार्टी के संस्थापक सदस्य और केंद्रीय सचिव प्रमोद कुमार चौरसिया ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धनबाद में पुलिस दोहरी नीति के तहत काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने कोयला चोरी रोकने के उद्देश्य से पुलिस को आवेदन दिया था, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई तस्करों पर करने के बजाय शिकायतकर्ताओं पर ही कर दी.
प्रमोद चौरसिया ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने बैठक बुलाई है और आने वाले दिनों में धनबाद में बड़ा आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर चक्का जाम भी किया जाएगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिले में पुलिस की मिलीभगत से कोयला चोरी का अवैध कारोबार चल रहा है.
बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि हाल के दिनों में गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा जारी एक वीडियो में भी जिले के एसएसपी पर कोयला चोरी को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया था. हालांकि इस मामले पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
वहीं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव संतोष कुमार महतो ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आजसू पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा जनहित और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है और आगे भी अन्याय के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा.
रिपोर्ट- नीरज कुमार