धनबाद(DHANBAD) | धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने संसद में क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। लोकसभा में प्रश्नों और पत्राचार के माध्यम से उन्होंने धनबाद से नई रेल सेवाओं की शुरुआत, राष्ट्रीय राजमार्ग-32 पर रेलवे ओवरब्रिज/अंडरपास निर्माण तथा धनबाद जंक्शन के समीप बस अड्डा निर्माण की व्यवस्था से संबंधित विषयों को सरकार के समक्ष रखा. सांसद द्वारा लोकसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि धनबाद जंक्शन वर्तमान में देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से व्यापक रूप से जुड़ा हुआ है. रेल मंत्रालय के अनुसार धनबाद स्टेशन से वर्तमान में लगभग 130 मेल/एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं तथा 16 पैसेंजर ट्रेन सेवाएं संचालित हैं, जो दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद, पटना, गोरखपुर, बीकानेर, जोधपुर, इंदौर सहित देश के अनेक प्रमुख शहरों से संपर्क स्थापित करती हैं.
इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा टाटानगर-बक्सर स्पेशल (08183/08184) तथा धनबाद-यशवंतपुर स्पेशल (06563/06564) ट्रेन सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं. रेल मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी है कि 16619/16620 पोडनूर-कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है, जिससे दक्षिण भारत से धनबाद का रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत एक सतत प्रक्रिया है, जो विभिन्न कारकों जैसे—रेल मार्ग की क्षमता, उपलब्ध पथ (पाथ), रोलिंग स्टॉक की उपलब्धता, आवश्यक अवसंरचना तथा यातायात की मांग आदि पर निर्भर करती है.
सांसद ढुलू महतो द्वारा लोकसभा में पूछे गए तारांकित प्रश्न के उत्तर में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि धनबाद-बोकारो खंड के सोनारडीह और गोशाला क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की योजना पूर्व में स्वीकृत थी, लेकिन केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (सीआईएमएफआर) की रिपोर्ट में क्षेत्र में भूमिगत आग के कारण इसे डी-स्कोप कर दिया गया. मंत्रालय ने बताया कि उक्त क्षेत्र फायर जोन में आने के कारण आरओबी सहित लगभग 1.5 किलोमीटर का खंड विकसित नहीं किया जा सका, हालांकि वैकल्पिक समाधान के लिए नए संरेखण (Alignment) पर कार्य करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है.
कोयला मंत्रालय ने सुझाव दिया है कि आग प्रभावित क्षेत्र के बाहर नए संरेखण का चयन किया जाए, इसके लिए डीजीएमएस से आग प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत मानचित्र मांगा गया है, जिसके आधार पर आरओबी निर्माण के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। सांसद द्वारा पूर्व में उठाए गए एक अन्य विषय पर रेल मंत्रालय के सदस्य (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विवेक कुमार गुप्ता ने जानकारी दी है कि धनबाद स्टेशन के पुनर्विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का कार्य प्रगति पर हैं. मास्टर प्लान के स्वीकृत होने के बाद वर्तमान नीतियों तथा भूमि की उपलब्धता के अनुसार धनबाद जंक्शन के समीप बस अड्डा निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की संभावना पर विचार किया जा सकता है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो