जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने रविवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मुख्य द्वार पर खुली टोकरी में दो जहरीले कोबरा सांपों को देख लोग सहम गए. बताया जा रहा है कि कुछ सपेरे सांपों को दो अलग-अलग टोकरी में छोड़कर वहां से चले गए थे. दोनों टोकरी का ढक्कन खुला हुआ था, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन परिसर के बाहर बड़ी संख्या में यात्री और स्थानीय लोग मौजूद थे. खुले में कोबरा सांप दिखाई देने की सूचना मिलते ही लोग सुरक्षित दूरी पर हट गए. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की जानकारी मिलते ही प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर स्नेक बॉय छोटू को सूचना दी गई. छोटू तत्काल मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक दोनों सांपों का रेस्क्यू किया. उन्होंने काफी सतर्कता के साथ कोबरा सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा. वन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई. फिर सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया.
स्नेक बॉय छोटू ने बताया कि बरामद किए गए दोनों सांप कोबरा प्रजाति के थे, जिन्हें स्थानीय भाषा में गेहूंअन सांप भी कहा जाता है. कोबरा अत्यंत विषैले होते हैं और इनके खुले में होने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था. समय रहते रेस्क्यू होने से संभावित खतरा टल गया. छोटू ने बताया को डीएफओ के निर्देश पर दोनों सांपों को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया. इस कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में लोगों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह सांप छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. लोग आशंका जता रहे हैं सपेरे कोई ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे होंगे. लेकिन कार्रवाई के डर से सांपों को स्टेशन के बाहर ही छोड़कर चले गए.