कोडरमा (KODERMA): आमतौर पर रविवार को हर स्कूल और दफ्तर की छुट्टी होती है. इस दिन हर घर का बच्चा मस्ती के मूड में होता है. पढ़ाई से छुट्टी मतलब खेलकूद का अवसर. लेकिन रविवार की छुट्टी जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के दो परिवारों को मंहगा पड़ गया. इस परिवार के दो मासूम बच्चे खेत में खेलने गए. इस दौरान वे यहां बने कुएं में गिर गए. जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना बीते दिन की है. घटना की जानकारी मिलते ही गांव भर में मातम पसर गया. मौके पर पुलिस पहुंची, शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉटम के लिए भेजा.
यह भी पढ़ें:
GARHWA: जान बचाने को जहां छुपा वहीं गिरी बिजली
क्या है मामला
खेत में घूमने के दौरान दो बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई. बच्चों का नाम डोंगोडीह निवासी रिशु कुमार (उम्र 7 वर्ष, पिता नारायण साव) और निखिल कुमार साव (उम्र 10 वर्ष, पिता निर्मल साव) हैं. जानकारी के अनुसार घर से लगभग 200 मीटर दूरी पर खेत में बने कुएं में दोनो बच्चों के गिरने से मौत हुई. ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को लगभग 11 बजे दिन में खेत पर देखा था. वहीं दोनों के परिजन अपने-अपने खेत में धान के बिचड़ा बचाने के लिए पानी पटवन के लिए गए थे. जब परिवार वाले देर शाम घर लौटे तो बच्चों को नहीं देख परेशान हो गए. इसके बाद परिजनों ने दोनों बच्चों की खोजबीन शुरू की. कुछ लोगों ने दोपहर में बच्चों को खेत के पास देखा था, जिसकी जानकारी परिजनों को दी गई. सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो कुएं में बच्चों का शव पानी के उपर तैरता हुआ देखा. घटना तत्काल सूचना नवलशाही थाना को दिया गया. सूचना मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी पंचम तिग्गा घटनास्थल पर पहुंचे, शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के भेजा.
रिपोर्ट: अमित कुमार, झुमरी तिलैया/ कोडरमा
