जमशेदपुर (JAMSHEDPUR):जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार की जान चली गई. सीएच एरिया स्थित सर्किट हाउस के पास स्कूटर चला रहे व्यक्ति का वाहन अचानक डिवाइडर से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. मौके पर भी उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान उनके पास मिले आधार कार्ड से हुई. मृतक बलीराम रजक (55) सोनारी रामनगर के रहने वाले थे. पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. शनिवार को पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी.
गोविंदपुर में हाईवे से टकराई कार
इधर देर रात गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर पानी टंकी के पास सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से अनियंत्रित कर जा टकराई. कार अनियंत्रित होकर सीधे खड़े हाइवा से जा भिड़ी. कार में सवार तीन लोगों को इस दुर्घटना में हल्की चोटें आई हैं. राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया.घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. लोगों ने सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है.
अवैध पार्किंग के कारण हादसों का खतरा बढ़ा
शहर के विभिन्न सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग के कारण सड़क हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है. मरीन ड्राइव हो या हाईवे हर जगह बड़े-बड़े वाहन सड़क किनारे खड़े मिलते हैं. पुराना एमजीएम अस्पताल सड़क, भुइयांडीह मेन रोड में भी वाहन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े रहते हैं. परिवहन विभाग इस पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रहा है.
रिपोर्ट-रोहित सिंह