रांची (RANCHI): रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवानों ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और बहादुरी से एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया है. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने जब इस घटना को देखा तो कुछ देर के लिए उनकी सांसे अटक सी गई, जब उन्हेंने एक यात्री को ट्रैन के नीचे जाते देखा, लेकिन जवानों की फुर्ती से यात्री की जान बच गई.
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी. इसी दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की. ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के गैप में जा गिरा. कुछ ही सेकंड में वह ट्रेन के साथ घिसटने लगा, जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई.
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई विजय कुमार भारती और हेड कांस्टेबल नितेश कुमार ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझा और बिना समय गंवाए दोनों जवान तेजी से मौके पर पहुंचे और जोखिम उठाते हुए यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया. उनकी इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि थोड़ी सी भी देरी होती तो यात्री ट्रेन के नीचे आ सकता था.
बचाए गए यात्री की पहचान 50 वर्षीय ओम प्रकाश अग्रवाल के रूप में हुई है, जो धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के निवासी हैं. यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सतर्कता और सही समय पर लिया गया फैसला किसी की भी जिंदगी बचा सकता है.