- पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के चुनावी नतीजे आज: मतगणना शुरू
देश के चार राज्यों यानी पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है.सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की जा रही है, जिसके बाद EVM के वोटों की गिनती होगी. यह नतीजे ममता बनर्जी, हिमंत बिस्व सरमा और एम.के. स्टालिन जैसे कद्दावर नेताओं का भविष्य तय करेंगे. चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. दोपहर तक रुझान स्पष्ट होने की उम्मीद है कि किस राज्य में किसकी सरकार बनने जा रही है.
- समुद्री सुरक्षा पर बड़ा कदम, ट्रंप ने किया 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' का एलान
ईरान इजरायल और अमेरिका में हो रहे जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में फंसे कमर्शियल जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' शुरू करने की घोषणा की है. ट्रंप ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में यदि किसी भी देश ने अमेरिकी या सहयोगी जहाजों के काम में बाधा डालने की कोशिश की, तो अमेरिका पूरी शक्ति से उसका जवाब देगा. यह पहल वैश्विक व्यापार को सुरक्षित रखने और ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है. दुनिया भर के कई देशों ने इस सुरक्षा पहल के लिए अमेरिका से सहयोग मांगा है.
3. इसरो (ISRO) का नया मिशन लॉन्च के लिए तैयार
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने आगामी सैटेलाइट लॉन्च होने जा रही है. यह मिशन देश की समुद्री निगरानी क्षमताओं को बढ़ाने और मौसम की सटीक भविष्यवाणी करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है. श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसे पीएसएलवी (PSLV) रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा जाएगा. इसरो के वैज्ञानिकों ने सभी तकनीकी जांच पूरी कर ली है और मौसम साफ रहने पर इसे निर्धारित समय पर लॉन्च किया जाएगा. यह मिशन अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को और मजबूत करेगा.
4. विक्रमशिला सेतु पुल का हिस्सा गंगा में समाया, टला बड़ा हादसा
बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है. रविवार देर रात करीब 1:10 बजे विक्रमशिला सेतु का एक बड़ा स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया. पिलर संख्या 133 के पास हुए इस हादसे से भागलपुर का कोसी और सीमांचल इलाकों से सीधा सड़क संपर्क टूट गया है. राहत की बात यह रही कि रात करीब 11:30 बजे ही एक्सपेंशन जॉइंट में बड़ी दरार दिखने पर प्रशासन ने तुरंत ट्रैफिक रुकवा दिया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ.
5. रेल यात्रियों को मिला झटका, रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस नवंबर तक रद्द
रेलवे द्वारा एक बड़ा फैसला किया है. चक्रधरपुर मंडल में रखरखाव कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिए जाने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा. रक्सौल-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस जुलाई से नवंबर मध्य तक दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी, जिससे धनबाद, बोकारो और रांची के यात्रियों के लिए दक्षिण भारत जाना मुश्किल होगा. विशेषकर दुर्गापूजा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान इस ट्रेन के बंद होने से हजारों लोगों की यात्रा योजनाएं प्रभावित होंगी. साथ ही, दुर्गा-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस भी इस अवधि में आरा और राउरकेला के बीच ही चलेगी. त्योहारी सीजन में इन प्रमुख ट्रेनों के रद्द या आंशिक रद्द रहने से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों को अब अन्य विकल्पों की तलाश करनी होगी.