धनबाद(DHANBAD) : पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग करके रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाती रही है. इसी क्रम पूर्व मध्य रेल के सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत् ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंब ना हो. ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत जनवरी माह में 01.01.2026 से 31.01.2026 तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 1030 लोगों को हिरासत में लिया गया.
इन लोगों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई. ऑपरेशन ‘‘समय पालन‘‘ के तहत् इस दौरान सर्वाधिक 496 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये, जबकि समस्तीपुर मंडल में 200, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 108, सोनपुर मंडल में 130 तथा धनबाद मंडल में 96 लोगों को हिरासत में लिया गया. इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर ऑपरेशन ‘‘महिला सुरक्षा‘‘ के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी धर-पकड़ अभियान चलाया गया.
ऑपरेशन ‘‘महिला सुरक्षा‘‘ मे तहत जनवरी माह में 01.01.2026 से 31.01.2026 तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत 3567 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया. इनमें सर्वाधिक 1797 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये जबकि पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 656, समस्तीपुर मंडल में 488, सोनपुर मंडल में 396 तथा धनबाद मंडल में 230 पुरुष यात्रियों कोे हिरासत में लिया गया. यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने दी है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
