धनबाद(DHANBAD): डीजल और पेट्रोल की किल्लत के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाएगा. अक्सर आपने सुना होगा कि आजकल चोर सिर्फ सोना, चांदी या नकदी ही नहीं, बल्कि पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधन को भी निशाना बना रहे हैं और हैरानी की तो ये है की चोर इनोवा कार से डीजल- पेट्रोल करने आए थे. हाईवे और सुनसान इलाकों में खड़े वाहनों से डीजल-पेट्रोल निकालने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे वाहन चालकों में डर का माहौल बना हुआ है.
ताजा मामला तोपचांची थाना क्षेत्र के कोटालअड्डा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास का है, जहां बदमाशों ने बेखौफ होकर एक ट्रक चालक को निशाना बना लिया. उत्तर प्रदेश के कानपुर से गेहूं लोड कर पश्चिम बंगाल के रानीगंज जा रहा एक ट्रक हाईवे किनारे खड़ा था. ड्राइवर गाड़ी पार्क कर आराम कर रहा था.
इसी दौरान एक इनोवा कार में सवार होकर चार से पांच अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे. बिना किसी डर के उन्होंने ट्रक की डीजल टंकी से तेल निकालना शुरू कर दिया. पूरी घटना उस वक्त अंजाम दी गई जब चालक गहरी नींद में था.
कुछ देर बाद जब चालक की नींद खुली और उसने विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने उसे चाकू दिखाकर धमका दिया और चुप रहने को मजबूर कर दिया. जान का खतरा देखकर चालक पीछे हट गया. इसके बाद बदमाश आसानी से डीजल चोरी कर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित चालक ने तुरंत ट्रक मालिक को इसकी सूचना दी. वहीं इस वारदात ने हाईवे पर चलने वाले अन्य ट्रक चालकों में दहशत और असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है.
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं इस बात की ओर इशारा कर रही हैं कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. ट्रक चालकों ने प्रशासन से रात के समय गश्ती बढ़ाने और पेट्रोल पंप क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी करने की मांग की है.
रिपोर्ट- नीरज कुमार