जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): शहर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बुधवार सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. बाइक, कार, ट्रक, जेसीबी और अन्य वाहनों के चालक तेल भरवाने के लिए पंपों पर जुट रहे हैं. अचानक बढ़ी भीड़ से कई जगह अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और पंप कर्मियों को व्यवस्था संभालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है. जानकारी के अनुसार शहर के साथ-साथ पूरे कोल्हान क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बाधित हो गई है. इसका असर सीधे आम जनता और परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है. कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने के कारण शटर गिरा दिए गए हैं। जबकि कुछ पंपों पर केवल पेट्रोल उपलब्ध है तो कहीं सिर्फ डीजल मिल रहा है. इस कारण लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए. स्थिति को देखते हुए कई पेट्रोल पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में ही तेल देने का निर्णय लिया है. बाइक चालकों को केवल 200 रुपये तक और चारपहिया वाहनों को 2000 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है. इससे लोगों में असंतोष भी देखा जा रहा है. क्योंकि कई वाहन चालक लंबी दूरी तय करने के लिए पर्याप्त तेल नहीं भरवा पा रहे हैं.
कोल्हान में 60 पेट्रोल पंप के शटर गिरे
जमशेदपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के सचिव कुणाल कुमार ने बताया कि सिर्फ शहर ही नहीं पूरे कोल्हान में पेट्रोल- डीजल की किल्लत शुरू हो गई है. सप्लाई नहीं होने के कारण पूरे कोल्हान में करीब 60 पेट्रोल पंप के शटर गिर गए है. सप्लाई नहीं मिली तो समस्या और बढ़ सकती है. डिपो से सप्लाई नहीं दिया जा रहा है. भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है. जानकारी को ही पूरे कोल्हान में करीब 300 पेट्रोल पंप है. इनमें कुल 60 पंप बंद है. शहर में 36 पेट्रोल पंप हैं, इनमें 15 से अधिक पंपों के शटर गिरे है. भारतीय पेट्रोलियम के पंप सबसे अधिकर पर प्रभावित है. लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सरायकेला और चाइबासा में भी असर
शहर के अलावा सरायकेला और चाईबासा में भी के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन संकट गहराने लगा है. ईंधन की आपूर्ति बाधित होने से कई पंप अस्थायी रूप से बंद पड़े हैं. इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पंप संचालको के अनुसार सोमवार रात से ही पेट्रोल स्टॉक समाप्त है. डीजल का स्टॉक भी जल्द खत्म होने की आशंका है. ईंधन नहीं मिलने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पंप संचालकों का कहना है आपूर्ति शुरू होने के बाद स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है.