रांची (RANCHI): राजधानी रांची में आज से महिला हॉकी इंडिया लीग का आयोजन शुरू हो रहा है. 28 दिसंबर से शुरू होकर यह टूर्नामेंट 10 जनवरी तक चलेगा. करीब 14 दिनों तक चलने वाली इस लीग में देश और विदेश की नामी महिला हॉकी खिलाड़ी हिस्सा लेंगी और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे.
महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का दूसरा सीजन मोरहाबादी स्थित मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में खेला जाएगा. उद्घाटन मैच में मेजबान टीम रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स आमने सामने होंगी. इस मुकाबले के साथ ही टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत होने की उम्मीद है.
उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर विशेष प्रस्तुति देंगी. वहीं मुख्य अतिथि के रूप में गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन कार्यक्रम में शामिल होंगी.
इस सीजन में कुल चार फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी. 12 लीग मैचों के बाद शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी और चैंपियन बनने के लिए आमने सामने होंगी. पहले सीजन की सफलता के बाद इस बार दर्शकों को और भी तेज और रोमांचक हॉकी देखने को मिलने की उम्मीद है
