कोडरमा(KODERMA) कोडरमा में एक महिला को बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का विरोध करना काफी महंगा पड़ गया, जहां उसके ऊपर जानलेवा हमला किया गया है. जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. जिसके बाद स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. दरसअल ये पूरा मामला कोडरमा थाना क्षेत्र के दुधीमाटी मरियमपुर रोड की है.जहां से महिला पर घर में घुस कर जानलेवा हमला और उसकी बेटी के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया गया. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. जिसके बाद पुलिस तफतीश में जुटी है.
पीड़िता 40 वर्षीय सुशीला देवी (पति–सहदेव राम) ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनके घर में किराए पर रह रहे कन्हैया राम उर्फ रविकांत चन्द्रवंशी के यहां संदिग्ध लोगों का आना-जाना होता था, जिसका उन्होंने विरोध किया था.आरोप है कि मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे रविकांत चन्द्रवंशी और उसकी पत्नी मिष्टी देवी जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.इस दौरान पीड़िता की बेटी के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी भी की गई.
पढ़े क्या है महिला का आरोप
विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और ईंट से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. सिर पर वार होने के कारण वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले थाना और फिर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उनके पति को शराब पिलाकर परिवार को प्रताड़ित करता था और पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी है, जिसकी शिकायत थाना में दर्ज कराई गई थी.महिला ने अपने पति सहदेव राम, रविकांत चन्द्रवंशी और मिष्टी देवी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.