रामगढ़ (RAMGARH): जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह की खुशियां अचानक तनाव में बदल गई क्योंकि वरमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन अचानक लापता हो गई. हालांकि इस दौरान पंचायत और समझौते की कोशिशें चलती रहीं, लेकिन आखिरकार शादी नहीं हो सकी और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई. मामला अब गोला थाना पहुंच गया है, जहां पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है.
जानकारी के मुताबिक, गोला थाना क्षेत्र के साडम गांव निवासी युवती की शादी दुलमी प्रखंड के ब्यांग गांव के एक युवक से तय हुई थी. गुरुवार रात बारात पूरे धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ साडम गांव पहुंची. वधू पक्ष ने पारंपरिक तरीके से बारात का स्वागत किया और इसके बाद वरमाला की रस्म भी खुशी-खुशी संपन्न हुई. शादी समारोह में शामिल मेहमानों और रिश्तेदारों ने भोजन किया और आगे की रस्मों की तैयारी शुरू हो गई.
रात बढ़ने के साथ विवाह की मुख्य रस्में शुरू होने वाली थीं. दूल्हा मंडप में बैठकर दुल्हन का इंतजार करता रहा. पंडित द्वारा बार-बार दुल्हन को बुलाने के लिए कहा गया, लेकिन काफी देर तक वह मंडप में नहीं पहुंची. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान पता चला कि युवती घर से कहीं चली गई है. यह खबर फैलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई.
दुल्हन के गायब होने की सूचना मिलते ही दूल्हा पक्ष नाराज हो गया. वर पक्ष ने शादी में हुए खर्च और अपमान का मुद्दा उठाते हुए वधू पक्ष से जवाब मांगा. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और तनाव का माहौल बना रहा. स्थिति को संभालने के लिए गांव के बुजुर्ग, स्थानीय लोग और रिश्तेदार आगे आए. देर रात तक पंचायत चलती रही और मामले को शांत कराने की कोशिश होती रही. हालांकि, सुबह तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया.
इसके बाद दोनों पक्ष गोला थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. युवती पक्ष ने लड़की के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी, जबकि वर पक्ष ने शादी टूटने और खर्च को लेकर अपनी शिकायत रखी. पुलिस फिलहाल युवती की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच कर रही है.