कोडरमा(KODARME): सालों से जाम, अव्यवस्थित बसों और सड़क किनारे खड़े वाहनों की समस्या झेल रहे झुमरी तिलैया के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. जल्द ही शहर को एक आधुनिक और हाईटेक बस टर्मिनल की सौगात मिलने जा रही है, जो न सिर्फ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा बल्कि शहर की पहचान भी बदल देगा. अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह बस टर्मिनल यात्रियों को बड़े शहरों जैसा अनुभव देने वाला है.
प्रस्तावित बस टर्मिनल झुमरी तिलैया से सटे चंदवारा प्रखंड क्षेत्र में लगभग 4.2 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 21.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संभावना जताई जा रही है कि जून के अंतिम सप्ताह से निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा. अधिकारियों ने इस परियोजना को 18 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.
नया बस टर्मिनल ग्राउंड प्लस वन मॉडल पर तैयार किया जाएगा. यहां एक साथ बड़ी संख्या में बसों के संचालन की व्यवस्था होगी, जिससे यात्रियों को बस पकड़ने और यातायात से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलेगी. इसके अलावा कार, ऑटो और छोटे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टर्मिनल में 16 बेड की डॉर्मिटरी, तीन सामान्य गेस्ट रूम और एक वीआईपी गेस्ट रूम बनाए जाएंगे. महिला और पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग शौचालय, सुरक्षा के लिए गार्ड रूम तथा सर्विस और मेंटेनेंस रूम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.
फिलहाल झुमरी तिलैया में स्थायी बस स्टैंड नहीं होने के कारण बसें मुख्य सड़कों पर खड़ी रहती हैं. इससे बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना सफर करने वाले लोगों पर पड़ता है. बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं. ऐसे में नया बस टर्मिनल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकता है.
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना से आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी. नए होटल, दुकानें और अन्य व्यवसाय खुलने की संभावना है, जिससे रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. लोगों का कहना है कि हाईटेक बस टर्मिनल बनने के बाद झुमरी तिलैया की पहचान एक आधुनिक शहर के रूप में उभरकर सामने आएगी.