धनबाद(DHANBAD):धनबाद के बहुचर्चित सुमित कुमार हत्याकांड में शुक्रवार को अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है.एडीजे-16 दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत ने पंचेत और टुनटुन को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा दी.वहीं, इस हत्याकांड में शामिल एक नाबालिग को पहले ही जुवेनाइल कोर्ट से सजा मिल चुकी है.
हत्या को लेकर काफी हुआ था बवाल
आपको बताएं कि फरवरी 2021 में धनसार थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा प्रोजेक्ट इलाके से सुमित कुमार का शव बरामद हुआ था.शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और जांच के दौरान पंचेत, टुनटुन समेत एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई.
नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट से पहले ही मिल चुकी है सजा
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था.मामले की सुनवाई एडीजे-16 दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत में चल रही थी. सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने पंचेत और टुनटुन को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई. वहीं, मामले में शामिल नाबालिग आरोपी को पहले ही जुवेनाइल कोर्ट से दंडित किया जा चुका है.अदालत के फैसले के बाद मृतक सुमित कुमार के परिजनों ने संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा था और आखिरकार उन्हें न्याय मिला.
रिपोर्ट-नीरज कुमार