देवघर (DEOGHAR): झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक ने आज सपरिवार देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की. उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया.
मुख्य न्यायाधीश निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंदिर पहुंचे, जहां उन्हें सुरक्षा घेरे के बीच गर्भगृह तक ले जाया गया. मंदिर प्रशासनिक भवन में उनके पुश्तैनी पुरोहित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत संकल्प कराया गया. इसके बाद उन्होंने बाबा बैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण कर पूजा की और पूरे श्रद्धा भाव से आराधना की.
खास बात यह रही कि इस दौरान मुख्य न्यायाधीश पूरी तरह एक साधारण श्रद्धालु के रूप में नजर आए. उन्होंने खुद भी मंत्रोच्चारण किया और पूरी आस्था के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया. पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर के अन्य देवी-देवताओं के दरबार में भी माथा टेका. इस अवसर पर उन्होंने देश और राज्य के सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. उनका यह दौरा निजी कार्यक्रम के तहत था, इसलिए उन्होंने मीडिया से ज्यादा बातचीत नहीं की.
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से मुख्य न्यायाधीश को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और बाबा बैद्यनाथ की प्रतीक चिन्ह भेंट की गई. इस दौरान स्थानीय न्यायिक अधिकारी, मंदिर समिति के सदस्य और जिला प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद रहे. मुख्य न्यायाधीश के इस दौरे को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच भी उत्साह देखा गया. सुरक्षा और व्यवस्था के बीच पूजा संपन्न कर उन्होंने एक सादगीपूर्ण और श्रद्धा से भरा संदेश दिया.
रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा