दुमका (DUMKA): झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एम एस सोनक दुमका के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने सपरिवार भगवान भोलेनाथ की विधि विधानपूर्वक पूजा अर्चना की. मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कराया गया.इस दौरान मुख्य न्यायाधीश ने जनकल्याण की कामना करते हुए बाबा बासुकीनाथ की मंगल आरती भी की.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें शांतिपूर्वक दर्शन पूजन कराया गया। बासुकीनाथ आगमन पर वन विभाग के विश्रामागार में दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया. साथ ही प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया. पूजा अर्चना के उपरांत मुख्य न्यायाधीश को मंदिर की ओर से बाबा का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया.मीडिया से बातचीत में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि बाबा बासुकीनाथ झारखंडवासियों सहित पूरे देश के लोगों का कल्याण करें.
रिपोर्ट-पंचम झा