धनबाद (DHANBAD): कांको मठ के बगल से ढांगी जाने वाले पथ पर पुलिया का एक तिहाई हिस्सा सोमवार को धंस गया. पुलिया क्षतिग्रस्त होने से आधा दर्जन से अधिक गांव के आवागमन पर असर पड़ा है. चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप्प है. गांव में स्कूल बस के नहीं आने से अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई है. ग्रामीण पुलिया के छोटे से भाग से आना-जाना कर रहे हैं.
आवागमन होने पर हिलने लगता है बचा हुआ हिस्सा
आवागमन के दौरान बचा हुआ हिस्सा हिलने लगता है यानी आगे किसी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है. ग्रामीणों के अनुसार नमक लदा कंटेनर ढांगी में प्रवेश किया था. वाहन में लदा सफेद नमक स्थानीय काला नमक बनाने वाले कारखाना के लिए लाया गया था. गुजरने के दौरान भारी वाहन का भार पुल झेल नहीं पाया, जिसके कारण पुल का एक तिहाई हिस्सा धंस गया एवं कंटेनर बीच में ही फंस गया. वक्त रात का था.
जेसीबी मांगकर निकाला गया कंटेनर
चालक ने घटना की जानकारी कारोबारी को दी फिर जेसीबी मंगा कर कंटेनर को निकाला गया. ग्रामीणों ने बताया कि पुल टूट जाने के बाद नमक लादकर आया कंटेनर करीब दो दिन गांव में ही रहा. वाहन को निकालने के लिए पुलिया में पत्थर डाला गया. बता दें कि कांको मठ के बगल वाला रास्ता ग्रामीणों का प्रमुख मार्ग है. यह पथ तोपचांची को जोड़ता है. पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण तेली टोला, आदिवासी टोला, रवानी टोला, ठाकुर टोला सहित रोआम, बाघमारा आदि गांव के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
रिपोर्ट : प्रकाश
