धनबाद(DHANBAD): रविवार का दिन धनबाद रेल मंडल के लिए अच्छा नहीं रहा. बरवाडीह गोमो सवारी गाड़ी गोमो स्टेशन पर पहुंचने के पहले बे पटरी हो गई. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि रेल पटरी के पास बोल्ट टूटे हुए थे. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई चोटिल नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों में अफरा-तफरी तो मच ही गई थी. रेल महकमा सूचना पर भागा भागा गोमो रेलवे स्टेशन पहुंचा. और जांच प्रक्रिया शुरू हुई. जानकारी के अनुसार ट्रेन के चालक को अचानक तेज आवाज और तेज झटके लगे और ट्रेन का प्रेशर लो हो गया. ट्रेन रुक गई. इसके बाद क्या था ,ट्रेन के यात्री चीखते चिल्लाते भागने लगे. घटना की सूचना पाकर डीआरएम सहित अन्य अधिकारी गोमो पहुंचे. मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं. आज हो सकता है कि विस्तृत जांच शुरू हो.
ट्रेन के दुर्घटना होने के बाद भी गोमो स्टेशन का हूटर नहीं बजा
वैसे प्रारंभिक जांच में अभी बात सामने आई है कि ट्रेन के दुर्घटना होने के बाद गोमो स्टेशन का हूटर नहीं बजा. यह एक जांच का अलग मामला हो सकता है. दुर्घटना के बावजूद पटरी का मेजरमेंट मानक के अनुसार पाया गया है. वजह नट बोल्ट के ढीला होने को बताया जा रहा है. वैसे विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा लेकिन कुछ क्षणों के लिए यात्रियों में आपाधापी मच गई थी. धनबाद के गोमो स्टेशन पर दशकों पूर्व मौर्य एक्सप्रेस एक मालगाड़ी पर चढ़ गई थी. इस दुर्घटना को याद कर लोगों के रोगंटे आज भी खड़े हो जाते हैं. वैसे गनीमत रही कि रविवार को बे पटरी हुई ट्रेन की वजह से कोई चोटिल नहीं हुआ और सारे यात्री सुरक्षित बच गए.
रिपोर्ट: धनबाद ब्यूरो