जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के मानगो स्थित जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में कला एवं विज्ञान संकाय को बंद किए जाने के प्रस्ताव के खिलाफ शुक्रवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में जुटे. इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. छात्रों ने नारेबाजी कर फैसले को छात्र विरोधी बताया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि कोल्हान यूनिवर्सिटी द्वारा जारी अधिसूचना के तहत कॉलेज से कला और विज्ञान संकाय को हटाने की तैयारी की जा रही है. इससे उन हजारों विद्यार्थियों के सामने संकट खड़ा हो जाएगा, जो वर्तमान में इन विषयों की पढ़ाई कर रहे हैं या भविष्य में यहां नामांकन लेना चाहते हैं. प्रदर्शन के दौरान छात्र हस्तलिखित तख्तियां भी लिए हुए थे.
मनमाने ढंग से निर्णय लेने का लगाया आरोप
अभाविप कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर मनमाने ढंग से निर्णय लेने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से किसी प्रकार की राय नहीं ली गई. परिषद ने सवाल उठाया कि जिन छात्रों के मेजर, माइनर और एमडीसी विषय कला एवं विज्ञान से जुड़े हुए हैं, उनकी आगे की पढ़ाई कैसे पूरी होगी. छात्र नेताओं ने कहा कि वर्कर्स कॉलेज मानगो क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण महाविद्यालय है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र बड़ी संख्या में शिक्षा प्राप्त करते हैं. ऐसे में कला और विज्ञान संकाय को हटाना क्षेत्र के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है.
कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन के बाद अभाविप की ओर से कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया. इसमें निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की गई. परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे.