सरायकेला(SARAIKELA):सरायकेला - खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित इंडो डेनिश टूल रूम में सोमवार को सैकड़ों छात्र उग्र हो उठे और प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोली के ट्रांसफर के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया.छात्रों ने संस्थान के मुख्य गेट को जाम कर दिया और किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को अंदर प्रवेश करने से रोक दिया.
पढ़े क्या है छात्रों की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोली अपना कार्य बेहतर तरीके से कर रहे थे, ऐसे में उनका अचानक ट्रांसफर किया जाना उचित नहीं है.स्थिति को संभालने के लिए सुमित कोली खुद छात्रों के बीच पहुंचे और हाथ जोड़कर उनसे आंदोलन समाप्त करने की अपील की, लेकिन इसके बावजूद छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे और विरोध जारी रखा.
प्रबंधन ने बात करने से किया इंकार
वहीं दूसरी ओर संस्थान प्रबंधन ने इस मामले पर कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है. सूत्रों के अनुसार, सुमित कोली का ट्रांसफर शीर्ष प्रबंधन की ओर से किया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है. समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल