जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के स्कूलों से पुराने वैन और ऑटो हटाने का निर्णय लिया गया है. सोमवार को जिले के डीसी राजीव रंजन की अध्यक्षता ने जिला समाहरणालय सभागार में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा, स्कूल वाहनों की जांच और ट्रैफिक नियमों के पालन पर चर्चा की गई. बताया गया कि अप्रैल महीने में जिले में 31 सड़क दुर्घटनाएं हुईं. इसमें 24 लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए. डीसी ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि अधिकतर हादसे तेज रफ्तार, ड्रिंक एंड ड्राइव, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने के कारण हो रहे हैं. डीसी ने दुर्घटना संभावित जगहों की पहचान कर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने का निर्देश दिया. उन्होंने रंबल स्ट्रिप, रेडियम संकेतक, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, क्रैश बैरियर लगाने और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर सुधार कार्य करने को कहा. साथ ही ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए.
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीसी ने कहा कि गर्मी छुट्टी खत्म होने के बाद स्कूल वाहनों की विशेष जांच की जाएगी. पुराने, जर्जर, बिना फिटनेस और बिना परमिट वाले वैन-ऑटो को स्कूल परिवहन से हटाया जाएगा. ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई होगी. परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और बिना सीट बेल्ट चलाने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने को कहा गया. निर्णय लिया गया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. बैठक में स्कूल और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया गया. साथ ही हिट एंड रन मामलों में पीड़ित परिवारों को जल्द मुआवजा देने और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश भी दिए गए.