रांची(RANCHI): रामनवमी के पावन अवसर पर रांची नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं. शहर के प्रमुख मंदिरों और शोभायात्रा मार्गों पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. सफाई, सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को ठीक करने के लिए निगम ने कई अहम कदम उठाए हैं.
भक्तों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 10 अलग-अलग रूटों पर नि:शुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. इससे श्रद्धालु आसानी से मंदिरों और जुलूस मार्गों तक पहुंच सकेंगे. इसके अलावा शोभायात्रा वाले रास्तों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा और मैकेनिकल स्विपिंग मशीनों के जरिए सफाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे धूल और गंदगी पर नियंत्रण रखा जा सके.
स्वच्छता अभियान के तहत तपोवन मंदिर के समीप स्थित बड़े नाले की विशेष रूप से सफाई कराई जा रही है. साथ ही पूरे इलाके में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बना रहे. शहर के मुख्य मार्गों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन भी लगाए जा रहे हैं, जिससे कचरे का सही निपटान हो सके और साफ-सफाई बनी रहे.
बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं. शहर के 32 महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल 35 जनरेटर लगाए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में बिजली बाधित न हो. इसके अतिरिक्त, 686 हाई मास्ट लाइट्स लगाई जा रही हैं, जिससे रात के समय भी मार्ग पूरी तरह रोशन और सुरक्षित रहेंगे.
नगर निगम ने सुरक्षा को लेकर कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. झंडा लगाने के दौरान बिजली के तारों और उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके. शोभायात्रा के दौरान आयोजकों और वॉलेंटियर्स को सतर्क रहकर निगरानी करने को कहा गया है. वहीं, श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे किसी भी विद्युत उपकरण, तार या झांकी के ढांचे को छूने से बचें, ताकि सभी सुरक्षित रह सकें.