धनबाद (DHANBAD): सिन्दरी के कल्याण केन्द्र, बास्केटबॉल कोर्ट में सिन्दरी सेंट्रल स्पोर्ट्स एशोसिएशन (एससीएसए) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय 19 वें जूनियर झारखंड स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक वर्ग की सिन्दरी की टीम ने बोकारो स्टील एकेडमी की टीम को 46-22 से पराजित कर दिया. प्रतियोगिता में शामिल होने आए झारखंड स्टेट बास्केटबॉल एशोसिएशन के सीनियर वाइस प्रसिडेंट शिवशंकर सिंह ने खिलाड़ियों का हौसला अफजाई की. उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं से ही देश को बास्केटबॉल जैसे खेलों में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी मिलते हैं.
सिन्दरी के कई खिलाड़ी देश का नाम कर रहे
सिन्दरी की धरा से ही झारखंड सहित नेशनल के कई खिलाड़ी देश का नाम रौशन कर रहे हैं. इस प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम उम्र के बालक वर्ग के 15 जिला व 8 बालिका वर्ग की टीम शामिल रही. प्रतियोगिता के दूसरे दिन के अन्य मैचों में बालक वर्ग के टाटा स्टील की टीम ने जमशेदपुर की टीम को 31-26 से हराकर जीत दर्ज की. वहीं बालिका वर्ग में धनबाद की टीम ने हजारीबाग की टीम को 12-08 से धूल चटाई. अन्य मैच में जमशेदपुर की बालिका टीम ने सिन्दरी की टीम को 08-02 से हराया. प्रतियोगिता के दूसरे दिन धनबाद जिला पूर्व कोच उपेंद्र राय शर्मा, एससीएसए अध्यक्ष देव दास अधिकारी, सचिव विवेक कुमार, कोषाध्यक्ष अभिजीत मिश्रा, उपसचिव हरविंदर सिंह, विजय गुप्ता, गोपाल मुखर्जी, पंकज कुमार सिंह, धीरज सिंह, श्रीराम कुमार, अमृतराज उर्फ लालू, आकाश रावत सहित कई खिलाड़ी मौजूद रहे.
