देवघर (DEOGHAR): श्रावणी मेला के समापन के साथ ही बाबा मंदिर में स्पर्श पूजा शुरू हो गयी है. गौरतलब है कि श्रावणी मेला के दौरान पिछले 14 जुलाई से देवघर आने वाले श्रद्धालु पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग के स्पर्श से वंचित रहे हैं. लेकिन श्रावणी पुर्णिमा के दिन दोपहर बाद से आम लोगों के लिए अर्घा हटा दिया गया. श्रद्धालु बाबा का स्पर्श कर पूजा अर्चना कर रहे है.
स्पर्श पूजा का महत्व
बता दें कि देवघर स्थित बाबा मंदिर में स्पर्श पूजा का बहुत महत्व है. लेकिन श्रावण मास में अत्यधिक भीड़ होने से स्पर्श पूजा के दौरान हर किसी का जल बाबा पर नहीं चढ़ पाता था. ऐसे में अर्घा के माध्यम से जालर्पण की योजना बनायी गयी थी जिससे श्रद्धालु बिना स्पर्श के ही श्रावणी मास मे बाबा का जलार्पण किए.मासव्यापी श्रावणी पूजा के सफल संचालन होने से बाबा मंदिर में पहले सरदार पंडा द्वारा विधि-विधान से पूजा की गई फिर प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा की. पूजा में दुमका प्रक्षेत्र के डीआईजी, जिला के डीसी, एसपी भी शामिल हुए. संताल परगना प्रक्षेत्र के डीआईजी, देवघर के डीसी-एसपी ने बाबा का आशीर्वाद से सफल संचालन होने की बात की. वहीं आगामी भादो माह में भी श्रावण की तरह प्रशासनिक सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच जलाभिषेक कराने की बात की जा रही है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर