देवघर ( DEOGHAR) : झारखंड के देवघर में प्रशासनिक बदलाव के तहत शशि प्रकाश सिंह ने जिले के 47वें उपायुक्त (डीसी) के रूप में पदभार संभाल लिया है. समाहरणालय परिसर में आयोजित औपचारिक प्रक्रिया के दौरान उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से कार्यभार ग्रहण किया. इस मौके पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे और नए उपायुक्त का स्वागत किया गया.
आम जनता को समय पर लाभ मिल सके
पदभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित की जाएगी ताकि आम जनता को समय पर लाभ मिल सके.
नव पदस्थापित उपायुक्त ने आगे कहा कि देवघर जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना उनका लक्ष्य है. इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और रोजगार के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें.
बेहतर समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी
शशि प्रकाश सिंह ने यह भी कहा कि प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी है. इसके लिए जन संवाद को मजबूत किया जाएगा और लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी, ताकि विकास योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हो सकें.
रिपोर्ट – रितुराज सिन्हा