सरायकेला : जिले के आदित्यपुर पुलिस ने बीते 2 मार्च को हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का सफल खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं.
2 मार्च को हुई थी वारदात
बीती 2 मार्च को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सिरीस भट्ठा मांझी टोला में 19 वर्षीय राजवीर सिंह उर्फ लालू पर अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. इस हमले में राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज वर्तमान में जमशेदपुर के टीएमएच (TMH) अस्पताल में चल रहा है.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापेमारी कर नामजद आरोपी शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू को धर दबोचा.
हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर हथियारों का जखीरा बरामद किया है, जिसमें 01 लोडेड देशी पिस्टल और 02 देशी कट्टा, 01 मैगजीन, 7.65 एमएम के 16 कारतूस व .315 बोर के 4 जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन शामिल है.पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य संभावित सुरागों और अपराधियों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.
रिपोर्ट - विरेन्द्र मंडल