जमशेदपुर(JAMHSEDPUR): पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. यह मुठभेड़ सारांडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालिबा गांव के पास चडराडेरा जंगल में हुई.घायल जवानों को एयर लिफ्ट कर रांची लाया गया. जहां राज अस्पताल में सभी को भर्ती कराया गया है.
मुठभेड़ के दौरान कोबरा बटालियन 205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश समेत कुल 5 जवान घायल हो गए. घायल जवानों में जितेंद्र राय, उत्तम कुमार सेनापति, शैलेश कुमार दुबे और प्रेम शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश IED ब्लास्ट की चपेट में आकर घायल हुए, जबकि अन्य जवानों को गोली लगी हैं. शैलेश कुमार दुबे को गर्दन में, उत्तम कुमार सेनापति को हाथ में और जितेंद्र राय को पैर में गोली लगी है. वहीं एक अन्य जवान प्रेम को भी पैर में चोट आई है. घटना के बाद सुरक्षाबलों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. जितेंद्र राय को छोड़कर बाकी सभी घायलों को बालिबा गांव से एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था. इसी दौरान चडराडेरा के जंगल में नक्सलियों से आमना- सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से रुक- रुक कर काफी देर तक फायरिंग होती रही.
सुरक्षाबलों के अनुसार नक्सलियों को भी नुकसान पहुंचा है, हालांकि अभी तक किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि या रिकवरी की सूचना नहीं मिली है. घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सघन तलाशी अभियान जारी है. छोटानागरा थाना से करीब 20 किलोमीटर और मनोहरपुर मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित इस दुर्गम क्षेत्र में सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं.