TNP DESK- सरायकेला जिले के खरसावां में मंगलवार शाम अचानक मौसम बदलने के साथ हुए आकाशीय वज्रपात ने एक व्यक्ति और एक बैल की जान ले ली. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. मृतक की पहचान पुडिदा गांव निवासी गंगाराम बोयपाई (38) पिता सोमा बोयपाई के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे गंगाराम बोयपाई खेत की ओर गया था.इसी दौरान तेज धूप के बीच अचानक मौसम बदल गया और आसमान में बिजली चमकने लगी. तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई. बारिश और वज्रपात से बचने के लिए गंगाराम रास्ते में एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया. तभी अचानक जोरदार आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया.
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गंगाराम बोयपाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. कन्हैयालाल उरांव ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतक की पत्नी आशा चांकी का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसरा हुआ है.
इधर, इसी वज्रपात की चपेट में आने से नारायणबेड़ा गांव निवासी हरि माड़ी का एक बैल भी मारा गया. बताया जा रहा है कि हल्की बारिश और बिजली कड़कने के दौरान बैल पेड़ के नीचे खड़ा था. इसी दौरान वज्रपात होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
लगातार बदलते मौसम और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है
रिपोर्ट: बीरेंद्र मंडल