रांची(RANCHI): झारखंड के सरकारी विश्वविद्यालयों में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे समय से प्रोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी को देखते हुए अब इसमें बड़ा बदलाव किया गया है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद शिक्षकों को पदोन्नति के लिए सालों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. इससे राज्य के विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के बीच खुशी का माहौल है.
अब प्रोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है. नई व्यवस्था के तहत राज्य के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों को हर साल 15 जुलाई तक प्रोन्नति से संबंधित सूची तैयार कर झारखंड राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग को भेजनी होगी. इससे प्रक्रिया को नियमित रूप से आगे बढ़ाने में आसानी होगी और फाइलें लंबे समय तक लंबित नहीं रहेंगी.
बताया जा रहा है कि कई विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति सालों से अटकी हुई थी. समय पर प्रस्ताव नहीं भेजे जाने और दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण प्रक्रिया लगातार प्रभावित होती रही. अब नई प्रणाली के जरिए इन समस्याओं को कम करने की कोशिश की गई है.
नई व्यवस्था में यह भी तय किया गया है कि यदि विश्वविद्यालयों की ओर से भेजे गए प्रस्तावों में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो झारखंड राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग 30 दिनों के भीतर अपनी सहमति या आवश्यक सुझाव देगा. इससे विश्वविद्यालयों को समय रहते सुधार करने का मौका मिलेगा और प्रोन्नति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होगी.
इस बदलाव को उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. शिक्षकों का मानना है कि समय पर प्रोन्नति मिलने से न केवल उनका मनोबल बढ़ेगा, बल्कि विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक माहौल भी बेहतर होगा. सरकार और संबंधित विभाग की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में प्रोन्नति प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, तेज बन सकेगी, जिससे राज्य के हजारों शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा.