रांची (RANCHI): राजधानी रांची के रातु थाना अंतर्गत चटकपुर, छत्ताटोंगरी इलाके में पंडरा नदी के पास स्थित एक घर से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, मृत युवक नशा करने का आदी बताया जा रहा है. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को 2-3 दिन पहले यहां फेंक दिया गया था, क्योंकि शव काफी फूला हुआ पाया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई है. फिलहाल युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. वहीं, इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है.