रामगढ़ (RAMGARH) : जिले के 15वें उपायुक्त के रूप में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी ऋतुराज ने शनिवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया. समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने उन्हें प्रभार सौंपा. पदभार ग्रहण के साथ ही जिला प्रशासन में नई ऊर्जा और अपेक्षाओं का माहौल देखने को मिला.
विकास को देंगे नई दिशा
पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ऋतुराज ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा. उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है ताकि आम जनता को उसका वास्तविक लाभ मिल सके. उपायुक्त ने आगे कहा कि जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. उन्होंने संकेत दिया कि इन दोनों क्षेत्रों में सुधार के लिए विशेष रणनीति बनाकर काम किया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
हर व्यक्ति तक पहुंचेगा विकास
साथ ही उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं और पहलों को आगे बढ़ाया जाएगा. जिला प्रशासन निरंतरता के साथ विकास कार्यों को गति देगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगा. नए उपायुक्त के रूप में ऋतुराज के सामने जिले के समग्र विकास की बड़ी जिम्मेदारी है और उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि प्रशासन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगा.
निरंतर कार्य जारी रखा जाएगा
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य होगा. साथ ही स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में जिले का समग्र विकास करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल होगा. उन्होंने यह भी कहा कि निवर्तमान उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज द्वारा अपने कार्यकाल में किए गए पहल पर जिला प्रशासन द्वारा निरंतर कार्य जारी रखा जाएगा.
रिपोर्ट - अनुज कुमार