धनबाद(DHANBAD): "नशा के कारोबारियों अब धंधा बंद करो और भाग जाओ, नहीं तो अब भगा दिए जाओगे." रविवार को तोपचांची प्रखंड के नेरो पंचायत में यही नारा गूंज रहा था. शराब के खिलाफ महिलाएं गोलबंद थी. पहले पंचायत सचिवालय में बैठक की गई. उसके बाद तय हुआ कि इलाके को नशा मुक्त किया जाएगा. मौजूद पुरुष सदस्यों ने भी इसका समर्थन किया. उसके बाद महिलाओं ने पंचायत में रैली निकाली और नशा के कारोबारियों को चेतावनी दी.
इलाके में महिलाओं ने दिया बड़ा संदेश
महिलाओं की यह कार्रवाई एक बड़ा संदेश है कि अब ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी नशा के खिलाफ हो गए हैं. बता दें कि जिले में नशा का कारोबार करने वाला गिरोह सक्रिय है और वह गिरोह नशा की लत लगा कर लोगों का जीवन बर्बाद कर रहा है. महिलाएं नारा लगा रही थी कि नशा नरक का द्वार है, छोड़ो दारू-होश में आओ, अच्छे जीवन का आनंद उठाओ. आओ हाथ से, हाथ मिलाएं, अब नशा पर रोक लगाएं, जो हुआ नशा का शिकार, उजड़ा उसका घर संसार.
