जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहल स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में चल रहे नए निर्माण कार्य को लेकर शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया. रेलवे प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मंदिर परिसर पहुंची. रेलवे प्रशासन को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. स्थानीय श्रद्धालुओं और लोगों के विरोध के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी. भारी विरोध को देखते हुए रेलवे अधिकारियों को बिना अभियान चलाए वापस लौटना पड़ा. रेलवे ने अतिक्रमण हटाने के लिए 2 दिनों का समय लोगों को दिया. इसके बाद मामला शांत हुआ. जानकारी के अनुसार रेलवे प्रशासन ने पहले ही निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया था. इसी के आधार पर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की तैयारी की गई थी. जैसे ही इसकी सूचना आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं को मिली, बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे.
मंदिर है आस्था का प्रतीक
लोगों का कहना था कि मंदिर उनकी आस्था का प्रतीक है. किसी भी कार्रवाई से पहले जनभावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए. घटना की सूचना मिलने पर विहिप नेता अरुण सिंह भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने रेलवे प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर विरोध दर्ज कराया. इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो और पोटका विधायक संजीव सरदार से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी दी. बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में जो नया निर्माण कार्य हुआ है, उसे दो दिनों के भीतर स्वयं हटा लिया जाएगा. ऐसा नहीं होने पर रेलवे प्रशासन आगे कभी भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर सकता है.
पहले भी रेलवे कर चुका है प्रयास
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी रेलवे प्रशासन मंदिर परिसर में कार्रवाई करने पहुंच चुका है.लेकिन विरोध के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा है. शुक्रवार को एक बार फिर इसी तरह की स्थिति देखने को मिली, जिससे इलाके में देर तक हलचल बनी रही. रेलवे प्रशासन पूरी तैयारी के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचा था.