चाईबासा(CHIBASA): जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा समेत अलग-अलग अनुमंडलों के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, परिवहन पदाधिकारी और सभी अंचल अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अवैध खनन और उससे जुड़े परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 204 वाहनों को जब्त किया गया है. साथ ही इस कार्रवाई के तहत करीब 38.41 लाख रुपये की वसूली की गई है. इसके साथ ही 125 मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई.
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि आगामी टास्क फोर्स की बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाए, ताकि जमीनी स्तर पर निगरानी को और मजबूत किया जा सके.
इसके अलावा, अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि अवैध खनन या परिवहन से संबंधित किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई करें और उसकी रिपोर्ट जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं. उपायुक्त ने विशेष रूप से उन खनन पट्टों पर ध्यान देने को कहा जिनकी लीज समाप्त हो चुकी है. साथ ही किसी भी अवैध गतिविधि को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए. प्रशासन ने साफ किया कि अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए जिला और क्षेत्रीय स्तर पर समन्वित प्रयास जारी रहेंगे, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
रिपोर्ट- संतोष वर्मा