दुमका (DUMKA): दुमका जिला के मुफस्सिल थाना के दशोरायडीह के पास 2 ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गयी. इस घटना में एक ट्रक सड़क किनारे पलट गया. जबकि दूसरा ट्रक सड़क से नीचे खेत मे उतर गया. पलटने वाले ट्रक पर आलू लोड था, जबकि दूसरे ट्रक पर मक्का. मक्का लोड ट्रक का चालक घायल हो गया. सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को ट्रक से निकाल कर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया.
आलू लूट की मची होड़
वहीं पुलिस के पहुंचने के पहले घटनास्थल पर आलू लूटने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी. दरअसल टक्कर के बाद आलू लोड ट्रक सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गयी. आलू की बोरियां सड़क पर गिर गयी. आलू सड़क पर बिखर गया. उसके बाद राहगीर और स्थानीय लोगों के बीच आलू घर ले जाने की होड़ मच गयी. कोई बाइक पर आलू की बारी लोड कर ले जाने लगा तो कोई घर से बर्तन लेकर सड़क पर बिखरे आलू को समेट कर घर ले जाने लगा. आलू लोड ट्रक का चालक फरार हो गया, लेकिन खलासी लोगों से आलू नहीं लूटने की अपील करते रहे लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी. पुलिस के पहुंचने पर आलू को बचाया जा सका लेकिन तबतक काफी मात्रा में आलू लेकर लोग जा चुके थे.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
